भरतपुर।रूपवास (लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल) :उपखंड क्षेत्र के तेजनगर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेत में गेहूं की कटाई कर रही एक 52 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर एक हिंसक जंगली जानवर (लेपर्ड) ने जानलेवा हमला कर दिया। उक्त हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में लेपर्ड की मौजूदगी की आशंका को लेकर भारी दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी अनुसार तेजनगर गांव निवासी चंद्रवती अपने बेटे श्रीकांत के साथ सुबह खेत में गेहूं काट रही थीं कि इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक हिंसक जानवर (लेपर्ड) ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। लेपर्ड ने महिला की गर्दन को अपने जबड़ों में दबोच लिया और उन्हें घसीटने की कोशिश की। हमले में जानवर ने महिला के चेहरे और हाथों को अपने पंजों से बुरी तरह नोच डाला। महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में ही काम कर रहे उनके बेटे और अन्य ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने और घेराबंदी करने पर आक्रामक जानवर महिला को लहूलुहान हालत में छोड़कर वापस झाड़ियों की ओर भाग निकला। घायल चंद्रवती को रूपवास के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके गले और हाथों पर आए गहरे जख्मों का उपचार किया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फोरेस्टर ने बताया कि हमले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरों की मदद से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया है हालांकि फिलहाल किसी जानवर का सीधा मूवमेंट नजर नहीं आया है। विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि हमला करने वाला जानवर पैंथर था या कोई अन्य हिंसक वन्य जीव। प्राप्त जानकारी अनुसार क्षेत्र में पहली बार लेपर्ड द्वारा किए गए इस तरह के हिंसक हमले से आसपास के गांवों के लोग सहमे हुए हैं। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने, समूह में रहने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
Discover more from Jan Bharat TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.