भरतपुर ( लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल): जिला कलक्टर कमर चौधरी द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत जिले की 6 स्वयं सहायता समूहों को ट्रैक्टरों की चाबी सौंपकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उक्त योजना से जिले के किसानों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध हो सकेंगे।
चौधरी ने बताया कि योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को कम लागत में कृषि यंत्र किराये पर उपलब्ध कराना है, जिससे खेती की लागत घट सके एवं समय पर कृषि कार्य संभव होने सहित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आय के नए अवसर मिल सके। उक्त कस्टम हायरिंग सेंटर से आधुनिक यंत्रों की सुविधा मिलने सहित महिला समूह भी कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार की सब्सिडी से ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका संचालन क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा किया जाएगा। उक्त सेंटरों पर रोटावेटर, थ्रेसर सहित अन्य कृषि उपकरण भी चरणबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। उक्त योजना के तहत भरतपुर जिले के उच्चैन, सेवर, कुम्हेर, भुसावर, बयाना एवं रूपवास क्षेत्र में सरकार द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं।
Discover more from Jan Bharat TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.