सीवान, 22 नवंबर।

सीवान जिले में पांच दिवसीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का रविवार को शुभारंभ हुआ। सदर प्रखंड के दलित टोला, पुरेना में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देश पर 22 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में जिले के 3,82,173 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सिविल सर्जन ने कहा कि भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में संक्रमण की आशंका को देखते हुए सतर्कता जरूरी है। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा खुराक से वंचित नहीं रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

दूर-दराज के क्षेत्रों, ईंट-भट्टों, प्रवासी एवं घुमंतू परिवारों के बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर भी टीकाकर्मियों की तैनाती की गई है।

उद्घाटन कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। जिला स्वास्थ्य समिति ने अभिभावकों से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की है।


Discover more from Jan Bharat TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

By admin

Leave a Reply

SiteLock